स्वरुप पुरी /सुनील पाल
हरिद्वार वन प्रभाग में एक बार फिर पेड़ों के कटान का मामला प्रकाश में आया है। कुछ दिनों पूर्व लकड़ी तस्करों ने पूर्वी पथरी क्षेत्र के जंगल में तीन खैर के पेड़ों पर आरी चला दी थी,मामले के प्रकाश में आते ही महकमे मे हड़कंप मच गया। वहीं इस घटना के बाद इस क्षेत्र में तैनात वन कर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। इस प्रकरण को लेकर गुरूवार देर रात हरिद्वार रेंज की टीम ने वन क्षेत्राधिकारी शीशपाल के नेतृत्व में भगवानपुर के हल्जोरा क्षेत्र में दबिश दी. इस दौरान वहां से एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस प्रकरण में जब अभियुक्त भूरी से कठोरता से पूछताछ की गई तो उसने इस मामले में दो अन्य और लोगों के भी शामिल होने की बात कही। भूरी द्वारा घटना स्थल पर छुपाए आरे व लकड़ी को भी बरामद करवाया गया है। इसको लेकर वन प्रभाग की कई टीमो द्वारा दो अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
अधिकारी करेंगे संपूर्ण प्रकरण की जांच, दोषी पाए जाने पर होगी कठोर कार्रवाई
वहीं इस प्रकरण को लेकर हरिद्वार वन प्रभाग के अधिकारी किसी को भी बख्शने के मूड में नजर नहीं आ रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में लगातार नियमित पेट्रोलिंग व सघन निगरानी के आदेश दिए गए हैं। उसके बावजूद भी ऐसी घटना का प्रकाश में आना चिंताजनक है। इस मामले को लेकर गहनता से जांच की जाएगी अगर कोई भी व्यक्ति इसमें दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
” यह बेहद ही गंभीर प्रकरण है इस घटना के बाद अभी तक एक अभियुक्त गिरफ्तार किया गया है, वहीं अन्य दो की तलाश जारी है, साथ ही इस प्रकरण की गंभीरता से जांच करी जाएगी,जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। “
स्वप्निल अनिरुद्ध, डीएफओ, हरिद्वार वन प्रभाग।
” जल्दी अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग की जाती है, अगर उसके बावजूद भी कोई कर्मचारी अपनी ड्यूटी को पूर्णता नहीं निभाता है तो उसको लेकर उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा, इस मामले से संबंधित अन्य अभियुक्तों को जल्द ही पकड़ा जाएगा। “
शीशपाल सोंडियाल,वन क्षेत्राधिकारी हरिद्वार रेंज।








